प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने राज्य के दलितों का आह्वान करते हुए उन्हें लामबंद होने की सीख देते हुए कहा है कि वह अपनी एकता को इतना मजबूत बनाएं ताकि कोई उन्हें अपना साधन न बना सके। बब्बर मंगलवार को लखनऊ में पार्टी की ओर से शुरू की गई दलित स्वाभिमान यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रदेश के दलितों से कहा कि आपके बहुमत के सहारे लोग जीतते हैं अब आपको खुद जीतने की जरूरत है और खुद जीतने की ताकत बनो ताकि दूसरा कोई आपको मोहरा न बना सके। उन्होंने दलित समुदाय का आह्वान किया कि आज बाबा साहब की नीतियों पर चलने का प्रण लेकर जाए और कांग्रेस पार्टी और उत्तर प्रदेश को बेहतर बनाने का काम करें। सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के इसी परिसर से बीती 4 दिसम्बर को शिक्षा-सुरक्षा-स्वाभिमान यात्रा शुरू हुई थी।
6 दिसम्बर को बाबा साहब के निर्वाण दिवस पर सभी जिलों में निर्वाण दिवस मनाकर बाबा साहब को याद किया गया। यह यात्रा चालीस दिनों में लगभग साढ़े तीन लाख किलोमीटर की रही और हर जिले में 130 यात्राएं हुईं। इस यात्रा को बड़ी कामयाबी मिली। पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन के. राजू ने कहा कि राहुल गांधी का सपना है कि देश के हर राज्य में दलित नेतृत्व आगे आए और राजनीति, सरकार हर जगह शामिल हो।
उन्होंने कहा कि यूपी में बसपा सिर्फ पैदा इसलिए हुई क्योंकि कांग्रेस पार्टी से दलित दूर हो गई थी। इस अवसर पर सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जे.डी. शीलम, विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी एवं विभाग के प्रान्तीय चेयरमैन भगवती प्रसाद चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. संतोष सिंह, पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी, सत्यदेव त्रिपाठी, राजबहादुर, ए.आई.सी.सी. अनु जाति विभाग के कोआर्डिनेटर शशांक शुक्ला आदि वरष्ठि नेता मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment